अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते ट्रेड युद्ध के बीच सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बुधवार को न्यूयॉर्क कमोडिटी एक्सचेंज (COMEX) पर सोने की कीमतें 4,235 डॉलर प्रति औंस के नए उच्च स्तर पर पहुंच गईं, जबकि भारत के MCX पर सोने की वायदा कीमतें 1,27,740 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुँच गईं।
इसी प्रकार, चांदी की कीमतें COMEX पर 52 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गईं, वहीं MCX पर चांदी की वायदा कीमत 1,62,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुँच गई। हाजिर बाज़ार में चांदी प्रीमियम पर बिक रही है और कुछ जगहों पर इसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुँच गई है।
सराफा बाजार में ऐतिहासिक उछाल
राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में सोने की कीमतों में तेज़ी देखने को मिली। आज सोने की कीमतें 1,000 रुपये बढ़कर 1,33,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक उच्च स्तर पर पहुँच गईं। तियुहार के मौसम में रिटेल विक्रेताओं और ज्वैलर्स की लगातार खरीदारी ने इस मजबूती को और बढ़ावा दिया।
विश्लेषकों की राय
सिटी इंडेक्स और Forex.com के बाजार विश्लेषक फवाद रज़ाकज़ादा के अनुसार, सोना अब 5,000 डॉलर प्रति औंस के लक्ष्य के सिर्फ़ 800 डॉलर दूर है। उन्होंने कहा कि हालांकि छोटे समय में हल्की गिरावट संभव है, जिससे कमजोर निवेशक बाहर होंगे और नए खरीदार इसका लाभ उठाएंगे। इस साल सोने की कीमतों में अब तक लगभग 58 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे मुख्य कारण हैं: भू-राजनीतिक तनाव, ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें, केंद्रीय बैंकों की खरीद, डॉलर से दूरी और मजबूत ETF इनफ्लो।
चांदी में भी बढ़त, लेकिन सावधानी जरूरी
चांदी में तेजी लंदन में आपूर्ति की कमी और रिकॉर्ड लीज दरों के कारण है। पेंपर स्टोन के वरिष्ठ रणनीतिकार माइकल ब्राउन ने कहा कि यदि आपूर्ति में बाधा आती है, तो चांदी की कीमतें तेज़ी से उलट भी सकती हैं।
बाजार पर सरकारी नीतियों का असर
बाजार अमेरिकी सरकारी शटडाउन पर भी नजर रखे हुए हैं, जिसने आधिकारिक आर्थिक डेटा जारी होने में रुकावट पैदा की है। इससे नीतिनिर्माताओं की दिशा थोड़ी अस्पष्ट हो सकती है।
