दीवाली से पहले पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने 6.3 करोड़ रुपए की राहत राशि जारी करते हुए मिशन “पुनर्वास” के तहत प्रभावित परिवारों को मुआवज़ा देना शुरू किया है।
13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अजनाला से इस राज्यव्यापी राहत अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने 631 परिवारों को 5.70 करोड़ रुपए की मुआवज़ा राशि बांटकर अभियान का आगाज़ किया। सरकार ने फसलों के नुकसान पर 20,000 रुपए प्रति एकड़, घरों के नुकसान पर 1.20 लाख रुपए तक, और पशुओं के नुकसान पर उचित मुआवज़ा तय किया है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जा रही है ताकि पूरी पारदर्शिता बनी रहे।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शुरू की संगरूर में राहत वितरण प्रक्रिया
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने संगरूर जिले के धूरी क्षेत्र में राहत वितरण का शुभारंभ किया। उन्होंने आठ बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रावानगी पत्र सौंपे। संगरूर ज़िले के लिए 3.50 करोड़ रुपए की राहत राशि निर्धारित की गई है।
मोहाली और फाजिल्का में भी शुरू हुई राहत राशि वितरण
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मोहाली ज़िले में राहत वितरण की शुरुआत की। उन्होंने बनूर सब-तहसील के रामपुर कलां और डेराबसी तहसील के सर्सीनी गांव के करीब 80 प्रभावित परिवारों को 66 लाख रुपए की राशि के प्रावानगी पत्र सौंपे।
वहीं, सामाजिक सुरक्षा मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने फाजिल्का ज़िले में राहत राशि वितरित की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों लक्कड़वाला, थेहड़ी और शेरगढ़ के निवासियों को कुल 1.05 करोड़ रुपए की सहायता दी।
अन्य जिलों में भी चला राहत अभियान
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटीयाला ज़िले में 232 किसानों को 88 लाख रुपए की राशि सौंपी।
खाद्य आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक ने भोआ क्षेत्र में 130 परिवारों को 31 लाख रुपए के चेक वितरित किए।
ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कपूरथला ज़िले के किशन सिंह वाला गांव में राहत अभियान की शुरुआत की और 25 किसानों को प्रावानगी पत्र दिए।
गुरदासपुर, फरीदकोट और जलंधर में भी राहत पहुंची
लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने गुरदासपुर ज़िले में 138 परिवारों को 59 लाख रुपए की सहायता दी।
खेतिबाड़ी मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने फिरोजपुर ज़िले में 57 किसानों को 16 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि प्रदान की।
वहीं, जालंधर ज़िले में 13 करोड़ रुपए की कुल राहत राशि बांटने की घोषणा की गई है।
सरकार का वादा – हर प्रभावित परिवार तक पहुंचे मदद
पंजाब सरकार का कहना है कि मिशन पुनर्वास के तहत हर बाढ़ प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य न सिर्फ़ मुआवज़ा देना है, बल्कि प्रभावित गांवों का पूरी तरह पुनर्निर्माण और पुनर्वास सुनिश्चित करना भी है।
