Gold-Silver Price Crash: चांदी में भारी गिरावट, 5 दिन में 33 हजार रुपये टूटा भाव; सोना भी हुआ सस्ता
बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर चांदी की कीमत लगातार तीसरे कारोबारी दिन टूटती नजर आई। बाजार खुलते ही चांदी का भाव एक झटके में 2500 रुपये प्रति किलो से ज्यादा गिर गया।
3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी बुधवार सुबह गिरकर 2,66,850 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। इससे पहले पिछले कारोबारी दिन यह 2,70,119 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। हालांकि दोपहर के समय चांदी में थोड़ी रिकवरी भी देखने को मिली और कीमत में करीब 2000 रुपये प्रति किलो का उछाल आया।
5 दिन में 33 हजार रुपये टूटी चांदी
बीते पांच कारोबारी दिनों में चांदी की कीमत में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। 13 मई को MCX पर एक किलो चांदी का भाव 3,00,238 रुपये था, जो अब गिरकर 2,66,850 रुपये तक पहुंच गया है।
यानी सिर्फ पांच दिनों में चांदी करीब 33,338 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है। बाजार जानकारों का कहना है कि सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद निवेशकों का रुझान कमजोर हुआ है, जिसका असर कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।
हाई लेवल से 1.90 लाख रुपये नीचे आई चांदी
इस साल जनवरी में चांदी ने रिकॉर्ड बनाते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। लेकिन उसके बाद से लगातार गिरावट जारी है।
अब मौजूदा कीमत की तुलना करें तो चांदी अपने ऑल टाइम हाई से करीब 1,90,478 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है। लगातार गिरावट के कारण निवेशकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
सोने की कीमतों में भी नरमी
सिर्फ चांदी ही नहीं, बल्कि सोने की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली। MCX पर मंगलवार को 5 जून एक्सपायरी वाला सोना 1,59,080 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन बुधवार को बाजार खुलते ही यह गिरकर 1,57,959 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
अगर पिछले पांच दिनों की बात करें तो सोना भी करीब 4,227 रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूट चुका है। जनवरी में सोने ने पहली बार 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। फिलहाल यह अपने हाई लेवल से करीब 45 हजार रुपये नीचे कारोबार कर रहा है।
घरेलू बाजार में अलग दिखा रुख
जहां MCX पर सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली, वहीं घरेलू बाजार में दोनों धातुओं के दाम बढ़ गए।
इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA के मुताबिक 24 कैरेट सोना मंगलवार के 1,57,739 रुपये से बढ़कर बुधवार को 1,59,077 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। वहीं चांदी का भाव 2,68,040 रुपये से बढ़कर 2,68,713 रुपये प्रति किलो हो गया।
