पंजाब विधानसभा में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने को लेकर मान सरकार की चार साल की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने सरकार के कामकाज की तुलना पिछली सरकारों के 11 साल के कार्यकाल से करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने महिलाओं के लिए रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के कई अवसर तैयार किए हैं।
गांवों की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
मंत्री के अनुसार, सरकार का खास फोकस उन महिलाओं पर रहा है जो घर तक सीमित थीं और अपनी आमदनी शुरू करना चाहती थीं। सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से महिलाओं को छोटे स्तर पर कारोबार और आय के नए रास्तों से जोड़ने की कोशिश की गई है।
चार साल में 28,734 सेल्फ हेल्प ग्रुप
सरकार की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में पंजाब में 28,734 सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाए गए हैं। इन समूहों के जरिए महिलाओं को एक साथ जोड़कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने पर काम किया जा रहा है।
बिना ब्याज के ₹631 करोड़ का लोन
तरुणप्रीत सौंद ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए अब तक ₹631 करोड़ के ब्याज मुक्त ऋण दिए गए हैं। इन ऋणों का उद्देश्य महिलाओं को अपना छोटा व्यवसाय या रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद देना है।
