बॉलीवुड के मशहूर एक्टर गोविंदा को लेकर मंगलवार रात एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। उन्हें घर पर अचानक चक्कर आने और असहज महसूस होने के बाद तुरंत मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके करीबी दोस्त और वकील ललित बिंदल ने इस खबर की पुष्टि की है।
ललित बिंदल ने बताया कि गोविंदा को रात में तबीयत ठीक नहीं लगी, इसलिए एहतियातन उन्हें इमरजेंसी में अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सभी जरूरी टेस्ट किए हैं और अब न्यूरो कंसल्टेशन यानी दिमाग से जुड़ी जांच की रिपोर्ट का इंतजार है।
फिलहाल हालत स्थिर
सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल गोविंदा की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। वकील बिंदल ने कहा कि “वो अब ठीक हैं और आराम कर रहे हैं।” हालांकि, अभी उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
फैंस लगातार सोशल मीडिया पर उनके लिए दुआएं मांग रहे हैं और जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
धर्मेंद्र से मिलने के बाद तबीयत बिगड़ी
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात गोविंदा अपने दोस्त और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल गए थे। धर्मेंद्र हाल ही में बीमार पड़े थे, इसलिए गोविंदा उनका हाल जानने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि मुलाकात के बाद गोविंदा थोड़ा थके और चिंतित दिखे। अगले ही दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
हाल ही में दिखे थे रियलिटी शो में
हाल ही में गोविंदा सोनी टीवी के डांस शो “सुपर डांसर” में नजर आए थे। शो में उन्होंने शिल्पा शेट्टी और बच्चों के साथ खूब मस्ती की, जिससे फैंस काफी खुश हुए।
इसके अलावा वे हाल ही में ट्विंकल खन्ना और काजोल के चैट शो “टू मच” में भी दिखे थे, जहां उन्होंने अपने दोस्त चंकी पांडे के साथ कई मजेदार बातें शेयर कीं।
फैंस कर रहे कमबैक का इंतजार
61 साल के गोविंदा आज भी अपनी फिटनेस और एनर्जी से नए कलाकारों को टक्कर देते हैं। फैंस उन्हें फिल्मों में दोबारा देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन उनकी तबीयत को लेकर आई यह खबर सभी को परेशान कर गई है।
फैन्स की दुआ
सोशल मीडिया पर #GetWellSoonGovinda ट्रेंड कर रहा है। हर कोई यही दुआ कर रहा है कि अपने चहेते “हीरो नंबर 1” जल्द स्वस्थ होकर घर लौट आएं और फिर से अपनी मुस्कान से सबका दिल जीतें।
