GTA 6 की रिलीज में अभी समय बाकी है, लेकिन गेम को लेकर लोगों की दीवानगी अभी से साफ दिखाई दे रही है। Rockstar Games की ओर से जारी करीब 27 मिनट के Extended Look को Netflix पर चार दिनों में 31.1 मिलियन यानी करीब 3.11 करोड़ Views मिले हैं। खास बात यह है कि यह वीडियो Netflix पर उस अवधि में सबसे ज्यादा देखा गया टाइटल बन गया।
87 देशों में रहा नंबर-1
Netflix के आंकड़ों के मुताबिक GTA 6 Extended Look को 93 देशों में ट्रैक किया गया और इनमें से 87 देशों की English-language फिल्म कैटेगरी में यह पहले नंबर पर रहा। इसने Robert De Niro और Adam Scott की फिल्म ‘The Whisper Man’ को भी पीछे छोड़ दिया, जिसे इसी दौरान 23.2 मिलियन Views मिले थे। हालांकि Netflix और YouTube पर Views की गणना अलग-अलग तरीके से होती है, इसलिए दोनों प्लेटफॉर्म के आंकड़ों की सीधी तुलना करना सही नहीं होगा।
गेमप्ले में दिखे Jason और Lucia
Extended Look की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिर्फ कहानी की झलक नहीं दी गई, बल्कि असली गेमप्ले के कई हिस्से दिखाए गए हैं। फुटेज PlayStation 5 वर्जन की है। इसमें गेम की बड़ी और ज्यादा विस्तृत दुनिया, बेहतर कॉम्बैट सिस्टम और मुख्य किरदार Jason तथा Lucia के बीच स्विच करने का फीचर दिखाई देता है।
खिलाड़ियों को अलग-अलग गतिविधियों और मिशन का हिस्सा बनने का मौका भी मिलेगा। यानी गेम में सिर्फ मुख्य कहानी पर निर्भर रहने के बजाय कई तरह के साइड एक्टिविटीज भी देखने को मिलेंगे।
पुलिस से बचना भी होगा ज्यादा चुनौतीपूर्ण
नई झलक में गेम के कई छोटे लेकिन दिलचस्प बदलाव भी सामने आए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक पुलिस सिस्टम को ज्यादा वास्तविक बनाने की कोशिश की गई है। वहीं महंगी गाड़ियों की चोरी जैसे कामों में भी पहले की तुलना में ज्यादा रणनीति की जरूरत पड़ सकती है।
इसके अलावा गेम में ड्राइविंग, रेसिंग, डाइविंग, पैराशूटिंग और दूसरी गतिविधियां भी शामिल हैं। इससे GTA 6 की दुनिया पहले के मुकाबले ज्यादा इंटरैक्टिव नजर आती है।
YouTube पर भी करोड़ों Views
Netflix की छह घंटे की एक्सक्लूसिव विंडो खत्म होने के बाद Extended Look को YouTube पर भी जारी किया गया। वहां इसे अब तक 17 मिलियन से ज्यादा Views मिल चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गेम की आधिकारिक रिलीज से पहले ही इसके कंटेंट को लेकर कितनी बड़ी दिलचस्पी बनी हुई है।
Netflix का ट्रैफिक भी बढ़ा
GTA 6 के Extended Look के प्रीमियर के दौरान Netflix पर दर्शकों की संख्या में भी खासा उछाल देखने को मिला। अमेरिका में मोबाइल ऑडियंस प्रति घंटे करीब 35 फीसदी बढ़ी, जबकि वेब ट्रैफिक में 125 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बढ़े हुए ट्रैफिक के कारण Netflix कुछ समय के लिए प्रभावित भी हुआ।
19 नवंबर को लॉन्च होगा GTA 6
Grand Theft Auto 6 को 19 नवंबर 2026 को PlayStation 5 और Xbox Series X/S के लिए रिलीज किया जाना है। Extended Look को गेम की पूरी मार्केटिंग मुहिम से पहले एक बड़ी झलक के तौर पर पेश किया गया है।
