मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर धूरी में आयोजित तीयां के कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं को तीयां की शुभकामनाएं दीं और पंजाब की खुशहाली के लिए अरदास की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस आयोजन में हिस्सा लिया और पारंपरिक त्योहार की खुशियां मनाईं।
सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का मौका
गुरप्रीत कौर ने कहा कि महिलाओं के लिए ऐसे कार्यक्रम केवल मनोरंजन या त्योहार मनाने तक सीमित नहीं होने चाहिए। इनके जरिए महिलाओं को अपनी समस्याएं और विचार सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी बात खुलकर सामने रखनी चाहिए।
सिर्फ संख्या नहीं, नेतृत्व में आगे आएं महिलाएं
उन्होंने महिलाओं से राजनीति और सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। गुरप्रीत कौर ने कहा कि महिलाएं केवल गिनती बढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि खुद नेतृत्व की भूमिका में आगे आएं और अपने फैसले खुद लें।
महिला जनप्रतिनिधियों का दिया उदाहरण
गुरप्रीत कौर ने आम आदमी पार्टी की 11 महिला विधायकों का जिक्र करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर पंचायत या किसी अन्य स्थानीय संस्था में सदस्य या सरपंच बनती हैं तो केवल नाम या औपचारिक भूमिका तक सीमित न रहें।
‘अपने दम पर फैसले लें’
उन्होंने महिलाओं से कहा कि जनप्रतिनिधि बनने के बाद उन्हें अपने अधिकारों को समझना चाहिए और खुद फैसले लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी तभी मजबूत होगी जब वे अपनी जिम्मेदारियों को खुद निभाने के लिए आगे आएंगी।
तीयां का दिन महिलाओं के नाम
कार्यक्रम के अंत में गुरप्रीत कौर ने महिलाओं से तीयां के इस आयोजन का खुलकर आनंद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह दिन और ‘मेेला तीयां दा’ महिलाओं का है, इसलिए वे मिलकर इसकी खुशियां मनाएं।
