पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आम लोगों के खिलाफ कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इन बयानों से साफ हो गया है कि कांग्रेस की सोच आम जनता, दलित समाज और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं है।
बैंस ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन आम लोगों के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करते हैं।
LPG की कमी पर चिंता
शिक्षा मंत्री ने देश में एलपीजी की कमी को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए ताकि लोगों के बीच फैल रही चिंता दूर हो सके।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार को देश को यह बताना चाहिए कि एलपीजी का मौजूदा स्टॉक कितने दिनों के लिए उपलब्ध है और सरकार इस संकट से निपटने के लिए क्या कदम उठा रही है।
LPG की बढ़ी कीमत वापस लेने की मांग
हरजोत बैंस ने हाल ही में एलपीजी सिलेंडर की कीमत में हुई 60 रुपये की बढ़ोतरी को भी आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ बताया। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए ताकि आम परिवारों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए जिससे लोगों को राहत मिले और देश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
