पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के महासचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि अब तक 50 लाख से अधिक परिवारों तक सेहत कार्ड पहुंच चुके हैं। उन्होंने इसे सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर तक पहुंचाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।
सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पात्र परिवारों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल रही है। योजना के अंतर्गत प्रति परिवार 10 लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें हृदय रोग, कैंसर, डायलिसिस, बड़ी सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों सहित करीब 2,300 उपचार पैकेज शामिल हैं।
लुधियाना, पटियाला और जालंधर सबसे आगे
जारी आंकड़ों के अनुसार सेहत कार्ड जारी करने के मामले में लुधियाना राज्य में पहले स्थान पर है। इसके बाद पटियाला और जालंधर का स्थान है। इन जिलों में बड़ी संख्या में परिवार योजना से जुड़ चुके हैं और इलाज का लाभ भी ले रहे हैं। सरकार का कहना है कि अधिक से अधिक लोगों तक योजना पहुंचाने के लिए लगातार पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
लाखों मरीजों को मिल चुका लाभ
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 5 लाख से अधिक मरीज इस योजना के तहत कैशलेस इलाज का लाभ उठा चुके हैं। योजना के माध्यम से 900 करोड़ रुपये से अधिक के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। राज्यभर में सैकड़ों सरकारी और निजी अस्पताल इस योजना से जुड़े हुए हैं, जिससे मरीजों को बिना आर्थिक बोझ के इलाज मिल रहा है।
लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील
बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना का उद्देश्य राज्य के हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा देना है। उन्होंने पात्र परिवारों से अपील की कि यदि उन्होंने अभी तक सेहत कार्ड नहीं बनवाया है तो जल्द पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सके।
