पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री Balbir Singh ने पटियाला के अबचल नगर इलाके का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पानी, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे मंत्री के सामने रखे।
मंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
जल आपूर्ति को लेकर दिया भरोसा
बलबीर सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि इलाके में उचित दबाव के साथ निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर घर तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है ताकि लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि मान सरकार लगातार शहरी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है।
बारिश के पानी की निकासी पर फोकस
मंत्री ने जानकारी दी कि बारिश के मौसम को देखते हुए बाना रोड के नीचे लगी पाइपों की सफाई करवाई जाएगी। इससे बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी और जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि जल्द राहत मिलेगी।
सरकारी योजनाओं का मिल रहा लाभ
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मान सरकार जनता की समस्याओं को सुनकर मौके पर समाधान करने की नीति पर काम कर रही है ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
