पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार को जालंधर के जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम को निर्देश दिए कि हाल ही में आई बाढ़ और लगातार बारिश के बाद पानी व मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया जाए।
दस्त और मच्छर जनित बीमारियों पर रहेगा फोकस
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में दस्त और अन्य जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका सबसे ज्यादा है। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि शहर और गांव दोनों इलाकों में पानी की जांच और क्लोरीनेशन को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, जिले में हर जगह खड़े पानी की निकासी और फॉगिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डेंगू रोकथाम के लिए विशेष अभियान
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि मच्छरों से होने वाली बीमारियों को रोकने के लिए डेंगू के लार्वा की जांच को लेकर एक विशेष मुहिम भी शुरू की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जालंधर प्रशासन की तारीफ की कि मजबूत बाढ़ नियंत्रण इंतज़ामों की वजह से सतलुज नदी में तेज बहाव के बावजूद जिले में बांधों को कोई नुकसान नहीं हुआ।
हेल्पलाइन 104 पर मिलेगी 24 घंटे सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री ने जनता से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य हेल्पलाइन 104 पर कॉल करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हेल्पलाइन के जरिए 24 घंटे डॉक्टरों की तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
एनजीओ और समाजसेवियों की सराहना
बैठक के दौरान डॉ. बलबीर सिंह ने गैर-सरकारी संगठनों और समाजसेवियों की भूमिका की भी तारीफ की। उन्होंने आईएमए, रोटरी क्लब, डिवाइन ओंकार मिशन यूके और अमेरिका से आए समाजसेवी अमरजीत सिंह सहित अन्य संस्थाओं की सराहना की। इन संगठनों ने गुरदासपुर और पठानकोट में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सामूहिक रूप से 30 चेक सौंपे।
केंद्र से मांगे 60,000 करोड़ रुपये
स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार से पंजाब के 60,000 करोड़ रुपये के बकाये तुरंत जारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये फंड बाढ़ से क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए बेहद जरूरी हैं।
आईएमए ने दी आर्थिक मदद
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जालंधर ने भी बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्यों में योगदान दिया। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. एमएस भूटानी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. यश शर्मा, वरिष्ठ सदस्य डॉ. राजेश विग, सचिव डॉ. पूजा और डॉ. यूएस घई ने सिविल सर्जन डॉ. रमन गुप्ता की मौजूदगी में मंत्री को 1 लाख रुपये का चेक सौंपा।
अस्पताल और क्लबों का भी सहयोग
कैंपिटल अस्पताल के डॉ. सीएस परुथी ने आईएमए के सहयोग से 2 लाख रुपये का चेक दान किया। वहीं, रोटरी क्लब जालंधर सिटी के सदस्यों ने स्वास्थ्य मंत्री को राहत किटें सौंपीं। इन योगदानों की मंत्री ने सराहना की और कहा कि सरकार व समाज के मिलकर काम करने से ही मुश्किल हालात का सामना किया जा सकता है।
