पंजाब सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 311 नई नर्सों की भर्ती को मंजूरी दे दी गई। सरकार का कहना है कि इस फैसले से अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता और भी मजबूत होगी।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, यह निर्णय इस उद्देश्य से लिया गया है कि राज्य के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध रहे। कई सरकारी अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण नर्सों की कमी महसूस की जा रही थी। ऐसे में नई भर्ती से अस्पतालों में मानव संसाधन का अंतर काफी हद तक पूरा हो सकेगा।
सरकार ने बताया कि इन सभी नर्सों को दिसंबर के पहले सप्ताह से पहले अपनी सेवाएं जॉइन करवा दी जाएंगी, ताकि नई टीम जल्द से जल्द लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा सके। इसके साथ ही राज्य में 400 से अधिक अतिरिक्त नर्सों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है, जो आने वाले दिनों में स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत बनाएगी।
नर्सों के साथ-साथ पंजाब सरकार ने डॉक्टरों की भर्ती पर भी विशेष ध्यान दिया है। कुछ समय पहले ही पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए 800 डॉक्टरों की नियुक्ति की जा चुकी है। इनमें से 175 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर बाल रोग, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग और सर्जरी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में पहले ही सेवाएं दे रहे हैं। इससे सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञता से जुड़ी सेवाओं को काफी बढ़ावा मिला है।
सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किसी भी राज्य के विकास की बुनियाद होता है। इसी सोच के साथ पंजाब सरकार लगातार नई भर्तियाँ कर रही है ताकि हर आम नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान पिछले कई वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में की गई सबसे बड़ी भर्ती मुहिमों में से एक है।
नई नर्सिंग और मेडिकल स्टाफ के जुड़ने से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक सभी स्तरों पर सेवाएं तेज और बेहतर होंगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से गंभीर मामलों में भी मरीजों को तुरंत उपचार मिल सकेगा।यह निर्णय पंजाब सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को निर्बाध, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, और यह नई भर्तियाँ उसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम हैं।
