भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए अगले 24 से 48 घंटों का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 18 से 22 दिसंबर के बीच मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है। दक्षिण भारत में जहां तेज बारिश की संभावना है, वहीं उत्तर भारत में घना कोहरा परेशानी बढ़ाएगा। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी से ठंड और ज्यादा तेज हो सकती है।
लगातार सक्रिय हो रही हैं पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक देश में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं।
पहला पश्चिमी विक्षोभ 18 दिसंबर से असर दिखाएगा, जबकि दूसरा 20 दिसंबर के आसपास सक्रिय होगा। इन दोनों के प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होगी, जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान पर पड़ेगा। कई राज्यों में पारा तेजी से गिर सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में तेज से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल इन इलाकों में राहत के आसार कम हैं। लगातार हो रही बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में कोहरे का कहर
उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में घना कोहरा लगातार परेशानी बढ़ा रहा है। सुबह के समय दृश्यता शून्य से 20 मीटर तक रह सकती है। इससे सड़क, रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण का स्तर भी गंभीर श्रेणी में बना हुआ है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कई क्षेत्रों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। बर्फबारी के चलते पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ेगी और कुछ मार्गों के बंद होने की भी आशंका है।
मध्य भारत और राजस्थान में बढ़ेगी ठंड
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल और राजस्थान के मरुस्थलीय इलाकों में तेज ठंड और शीत लहर का असर देखने को मिलेगा। रात के तापमान में तेज गिरावट से लोग ठिठुरन महसूस कर सकते हैं।
मौसम विभाग की अहम सलाह
मौसम विभाग ने कम दृश्यता को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को मौसम अपडेट जांचने के बाद ही सफर शुरू करने को कहा गया है। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की जरूरत है।
