पंजाब में भारी बारिश की चेतावनी, 14 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग की ताज़ा भविष्यवाणी के मुताबिक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने 16 और 17 जुलाई को भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है, साथ ही कई जगहों पर येलो और ऑरेंज अलर्ट भी लागू किया गया है।
किन जिलों में अलर्ट जारी हुआ है?
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इसके अलावा होषियारपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, फाजिल्का और मुक्तसर साहिब में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। येलो अलर्ट यह संकेत देता है कि हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।
मौसम कैसा रहेगा आगे?
मौसम विभाग का कहना है कि 18 जुलाई तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ जिलों में 18 तारीख को भी बारिश की संभावना है। अनुमान है कि 18 से 20 जुलाई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से भारी बारिश होती रहेगी।
और क्या होगा खास?
सिर्फ बारिश ही नहीं, बल्कि कुछ जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। इनमें संगरूर, पटियाला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, चंडीगढ़, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर और होशियारपुर जैसे जिले शामिल हैं।
तापमान में भी बदलाव
पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे अब तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि अमृतसर में 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि इस महीने अब तक सामान्य से 1 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। ऐसे में राज्य के लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की चेतावनियों का पालन करें और ज़रूरी सतर्कता बरतें।
