पंजाब में बाढ़ से बचाव के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने विधायक संतोष कटारिया के साथ बलाचौर के बंगा बेट गांव का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया और तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।
2.30 करोड़ रुपये से बन रहे सुरक्षा ढांचे
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि बंगा बेट क्षेत्र में करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा से जुड़े ढांचों का निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों का उद्देश्य बरसात के मौसम में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और गांवों को संभावित बाढ़ के खतरे से बचाना है।
पूरे पंजाब में चल रहे हैं सुरक्षा कार्य
बरिंदर गोयल ने कहा कि मान सरकार ने बाढ़ से बचाव के लिए 450 करोड़ रुपये का विशेष बजट निर्धारित किया है। इस बजट के तहत पूरे पंजाब में तटबंधों को मजबूत करने, जल निकासी व्यवस्था सुधारने और अन्य सुरक्षा कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय रहते सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कर रही है।
