अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद वेस्ट एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है। सुरक्षा कारणों से कई देशों ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है और दुनियाभर की कई फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। एयरलाइंस कंपनियां अब यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक रास्तों से उड़ानें संचालित कर रही हैं।
एअर इंडिया ने बदले रूट, कई उड़ानें रद्द
एअर इंडिया ने जानकारी दी है कि वह नॉर्थ अमेरिका और यूरोप के लिए अपनी उड़ानों को वेस्ट एशिया में उपलब्ध सुरक्षित एयरस्पेस के जरिए संचालित करेगी। हालांकि, स्थिति को देखते हुए कुछ उड़ानों को रद्द भी किया गया है।
एयरलाइन के अनुसार, सोमवार 2 मार्च को यूरोप के कई शहरों के लिए कुल छह उड़ानें रद्द रहेंगी। इससे पहले रविवार को भी करीब 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द किया गया था। कंपनी ने कहा है कि यह फैसला यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
किन देशों की उड़ानें निलंबित?
एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, इजरायल और कतर आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनट (भारतीय समयानुसार) तक निलंबित रहेंगी। जब तक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक इन रूट्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
आज रद्द रहने वाली प्रमुख उड़ानें
एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि अमृतसर से बर्मिंघम जाने वाली फ्लाइट एआई 117 और बर्मिंघम से दिल्ली आने वाली फ्लाइट एआई 114 सोमवार को रद्द रहेंगी।
इसके अलावा दिल्ली और ज्यूरिख के बीच चलने वाली एआई 151 और एआई 152 उड़ानें भी रद्द की गई हैं। दिल्ली से कोपेनहेगन और कोपेनहेगन से दिल्ली के बीच संचालित एआई 157 और एआई 158 उड़ानें भी प्रभावित रहेंगी।
यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था
एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर जरूरी जानकारी भेजी जा रही है। एयरलाइन ने री-बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी के लिए एअर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट या 24×7 कॉल सेंटर से संपर्क करें। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है और जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।
इंडिगो भी रख रहा है हालात पर नजर
इंडिगो एयरलाइंस ने भी बयान जारी कर कहा है कि मिडिल ईस्ट और आसपास के इलाकों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कंपनी ने माना कि इस समय कई यात्रियों को असुविधा हो रही है, लेकिन हर निर्णय सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही लिया जा रहा है।
वेस्ट एशिया में जारी तनाव का असर अभी कुछ दिन और देखने को मिल सकता है। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें। फिलहाल एयरलाइंस कंपनियां वैकल्पिक रूट और सुरक्षा उपायों के साथ स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही हैं।
सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है, और यही वजह है कि उड़ानों में बदलाव और रद्दीकरण जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।
