पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पंजाब मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि यह बैठक आने वाले समय में राज्य की राजनीति और प्रशासनिक दिशा को लेकर काफी अहम साबित हो सकती है।
दरअसल, यह कैबिनेट बैठक एमजीएनआरईजीए (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) से जुड़े मुद्दे पर होने वाले पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र से ठीक पहले हो रही है। इसी वजह से बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार इस बैठक में विशेष सत्र की रणनीति, प्रस्तावों और संभावित फैसलों पर विस्तार से चर्चा कर सकती है।
गौरतलब है कि मान सरकार ने एमजीएनआरईजीए को लेकर पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र 30 दिसंबर को सुबह 11 बजे बुलाया है। इस सत्र में केंद्र सरकार की नीतियों, फंडिंग व्यवस्था और पंजाब के मजदूरों पर पड़ने वाले असर को लेकर चर्चा होने की संभावना है। सरकार पहले ही यह साफ कर चुकी है कि वह मजदूरों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, आज की कैबिनेट बैठक में एमजीएनआरईजीए के अलावा कुछ अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी फैसले लिए जा सकते हैं। इनमें ग्रामीण विकास, रोजगार योजनाएं और प्रशासनिक सुधार शामिल हो सकते हैं।
आज की कैबिनेट बैठक और 30 दिसंबर का विशेष सत्र पंजाब की राजनीति में अहम मोड़ ला सकता है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
