जालंधर से सामने आए सनसनीखेज मामले में एक 19 साल की लड़की को नशा पिलाकर दुष्कर्म किया गया और उसकी अश्लील वीडियो बनाई गई। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पंजाब राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है और आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस से मांगी रिपोर्ट
महिला आयोग ने इस घटना पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। आयोग ने पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को नोटिस जारी कर 22 अगस्त 2025 तक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने साफ किया कि यदि पुलिस सख्ती नहीं दिखाती तो आयोग खुद हस्तक्षेप करेगा।
पीड़िता और परिवार सदमे में
आरोप है कि पीड़िता को पहले नशीला पदार्थ पिलाया गया, इसके बाद उसका यौन शोषण किया गया और पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो पीड़िता और उसके परिवार पर गहरा मानसिक आघात पहुंचा। परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहा है।
वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा है। आयोग ने भी पुलिस से सवाल किया है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। आयोग ने यह भी कहा कि पीड़िता को इंसाफ दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर जेल भेजा जाना चाहिए।
मंगेतर ही निकला आरोपी
मामले से जुड़ी एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी की शादी पीड़िता से तय हो चुकी थी। लेकिन वियााह से पहले उसने ही लड़की को नशीला पदार्थ देकर उसका शोषण किया और वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि इस वीडियो के कई क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से फैले, जिसके बाद पुलिस और महिला आयोग हरकत में आए।
आयोग ने दी सख्त चेतावनी
महिला आयोग ने पुलिस को चेतावनी दी है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेयरपर्सन राज लाली गिल ने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना ही अब प्राथमिकता है।
