पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य के अलग-अलग विभागों में 271 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने सभी को बधाई दी और कहा कि उनकी सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
अब तक 55,201 युवाओं को नौकरी
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में अब तक कुल 55,201 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी नौकरी पाना लोगों के लिए सिर्फ एक सपना हुआ करता था, लेकिन अब पढ़ाई और योग्यता के आधार पर हर deserving युवा को अवसर मिल रहा है।
खत्म हुई सिफारिश और रिश्वत की प्रथा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में साफ कहा कि उनकी सरकार ने नौकरी देने की प्रक्रिया से “सिफारिश और रिश्वत” को पूरी तरह खत्म कर दिया है। अब केवल मेहनत और पढ़ाई करने वाले युवा ही सरकारी नौकरी पा रहे हैं। उन्होंने नियुक्त युवाओं को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की नसीहत दी।
मेहनत से निखरेगा हुनर
CM मान ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “दिमाग को जितना इस्तेमाल करोगे, उतना ही तेज़ होगा।” उन्होंने कहा कि ईमानदारी और लगन के साथ काम करने से ही न केवल खुद का भविष्य उज्ज्वल होगा बल्कि राज्य की तरक्की भी सुनिश्चित होगी।
सरकारी स्कूलों पर भी बोले CM
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि पहले के समय में सरकारी स्कूलों की हालत बेहद खराब थी। बच्चों को मिड-डे-मील में सिर्फ दलिया ही मिलता था और स्कूलों को “दलिया खाने वाली इमारत” कहकर मज़ाक बनाया जाता था। लेकिन अब उनकी सरकार बच्चों की पढ़ाई और भविष्य सुधारने पर पूरा ध्यान दे रही है।
पारदर्शिता है सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि उनकी सरकार का मकसद युवाओं को उनके हक का रोजगार देना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती रहेंगी।
