देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों बड़े ऑपरेशनल संकट से जूझ रही है। पिछले पाँच दिनों में सैकड़ों उड़ानें रद्द और कई देरी से चलने के कारण हजारों यात्री मुश्किल में पड़ गए। लेकिन यह संकट सिर्फ यात्रियों तक सीमित नहीं रहा—इसका बड़ा असर कंपनी के निवेशकों पर भी देखने को मिला है।
पाँच दिनों में इंडिगो का शेयर छह महीने से ज्यादा गिरा
उड़ान सेवाओं में लगातार बाधा ने शेयर बाजार में भी इंडिगो को जोरदार झटका दिया है। इसकी मातृ कंपनी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड का शेयर सिर्फ पाँच ट्रेडिंग सेशंस में करीब 8.76% गिर गया। शेयर की कीमत में लगभग ₹515 प्रति शेयर की भारी गिरावट दर्ज की गई, जो पिछले छह महीनों की गिरावट से भी ज्यादा है।
जहां पिछले छह महीनों में शेयर केवल 5.75% गिरा था, वहीं हालिया गिरावट ने कंपनी की मार्केट कैप को घटाकर लगभग ₹2.08 लाख करोड़ पर ला दिया है। निवेशक इस तेज गिरावट से खासे चिंतित हैं।
DGCA ने इंडिगो के CEO को भेजा कारण बताओ नोटिस
उड़ान कैंसिलेशन के बाद एविएशन रेग्युलेटर DGCA भी मैदान में उतर आया है। DGCA ने इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स और अकाउंटेबल मैनेजर इसिड्रो पोरकेरास को 24 घंटे के भीतर जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है।
नोटिस में DGCA ने साफ कहा है कि—
-
एयरलाइन संचालन की प्लानिंग कमजोर है,
-
निगरानी ढीली है,
-
संसाधन प्रबंधन में गंभीर कमी है।
DGCA का मानना है कि यदि एयरलाइन अपने कंट्रोल सिस्टम को सही ढंग से संभाल पाती, तो इतने बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द नहीं होतीं।
क्या है इंडिगो संकट की जड़?
विशेषज्ञों के अनुसार, यह पूरा संकट पायलटों की उपलब्धता और नए नियमों से जुड़ा है। एयरएशिया के पूर्व CFO विजय गोपालन कहते हैं कि सरकार ने हाल ही में पायलटों के आराम के घंटे 36 से बढ़ाकर 48 घंटे प्रति सप्ताह कर दिए हैं।
इस बदलाव के कारण:
-
पायलटों के उड़ान भरने के कुल उपलब्ध घंटे कम हो गए हैं,
-
एअरलाइंस के पास पर्याप्त संख्या में पायलट नहीं हैं,
-
जिसके चलते कई उड़ानें संचालित करना संभव नहीं हो पा रहा।
यदि एयरलाइन पायलटों की संख्या तेजी से नहीं बढ़ाती, तो यह संकट जारी रह सकता है।
यात्रियों के साथ निवेशकों की भी परीक्षा
उड़ान देरी, अचानक बढ़े किराए और रद्दीकरण से जहां यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं निवेशकों के करोड़ों रुपये हवा हो गए हैं।
एविएशन इंडस्ट्री के जानकार मान रहे हैं कि स्थिति को सामान्य होने में समय लग सकता है।
