आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा है कि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में संभावित हार को देखते हुए विपक्ष राज्य सरकार और पुलिस को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
विपक्ष की कथित गुंडागर्दी पर AAP का निशाना
पत्रकारों से बात करते हुए धालीवाल ने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल इन चुनावों में दबाव और गुंडागर्दी का माहौल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब सब कुछ देख रही है और चुनावों में इसका जवाब देगी। धालीवाल ने यह भी बताया कि AAP कार्यकर्ताओं पर कई जगहों पर हमले किए गए हैं, लेकिन सरकार चुनावों को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
“विकास के नाम पर वोट मांगेगी AAP”
AAP प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष केवल धमकाने की राजनीति कर रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी अपने कामकाज और विकास योजनाओं के आधार पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने पिछले लगभग चार सालों में लगातार विकास कार्य किए हैं, वहीं विपक्ष चुनावों को प्रभावित करने के लिए गलत तरीकों का सहारा ले रहा है।
अकाली दल और कांग्रेस पर सीधा हमला
धालीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक नेता ने यह तक कहा कि AAP विधायक उनके “पैरों में बैठते हैं”, जिससे उनकी मानसिकता साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि तर्नतारन उपचुनाव के दौरान अकाली दल ने भी मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की थी।
