पंजाब सरकार ने किसानों तक नहरी पानी पहुंचाने के अभियान को आगे बढ़ाते हुए श्री चमकौर साहिब क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाएं लोगों को समर्पित की हैं। कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने इन परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाना है, ताकि किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिल सके और भूजल पर निर्भरता कम हो।
17 गांवों और हजारों एकड़ भूमि को मिलेगा लाभ
सरकार के अनुसार, समराला मेजर और अमराला माइनर परियोजनाओं के तहत ₹8.95 करोड़ की लागत से 10.76 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। इस परियोजना से करीब 3,200 एकड़ अतिरिक्त कृषि भूमि को नहरी पानी उपलब्ध होगा। साथ ही क्षेत्र के 17 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे खेती की लागत कम करने और सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
समराला मेजर की लाइनिंग से बढ़ेगी पानी की पहुंच
इसके अलावा ₹13.75 करोड़ की लागत से समराला मेजर की कंक्रीट लाइनिंग का कार्य भी पूरा किया गया है। इस परियोजना के शुरू होने से अब 3,300 एकड़ से अधिक भूमि तक नहरी पानी पहुंच सकेगा। उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
भूजल संरक्षण पर सरकार का विशेष फोकस
कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार पूरे राज्य में नहरों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर तेजी से काम कर रही है। जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां किसानों की सुविधा के लिए अस्थायी मोघों की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक खेतों तक नहरी पानी पहुंचाकर सरकार भूजल संरक्षण को बढ़ावा दे रही है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, बिजली की बचत होगी और खेती को लंबे समय तक टिकाऊ बनाने में भी सहायता मिलेगी।
