बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए को मिली शानदार जीत के बाद अब सबकी नज़रें इस बात पर टिक गई हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। चुनावी नतीजों के बाद यह चर्चा और तेज़ हो गई है। इसी बीच, HAM (सेक्यूलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोश कुमार सुमन ने एक बड़ा बयान देकर माहौल को और स्पष्ट कर दिया है।
HAM ने दिया साफ़ समर्थन, कहा—नीतीश ही बनेंगे मुख्यमंत्री
संतोष सुमन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी का फैसला बिल्कुल एकजुट है और वे पूरी तरह से नीतीश कुमार के साथ हैं। उन्होंने कहा,
“लोगों का धन्यवाद, यह लोकतंत्र की जीत है। हम नीतीश कुमार को बधाई देने गए थे। जीत उनकी अगुवाई में मिली, इसलिए मुख्यमंत्री वही बनेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता ने जो जनादेश दिया है, वह नीतीश कुमार के नेतृत्व पर विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री और एनडीए के सभी सहयोगी दलों का धन्यवाद भी किया।
चिराग पासवान का बयान—”नीतीश निभाएँगे मुख्यमंत्री की भूमिका”
लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि नीतीश कुमार अपनी भूमिका को मुख्यमंत्री के तौर पर निभाएँगे।
उन्होंने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि “जो लोग तानाशाही की बातें कर रहे थे, आज जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है।”
चिराग के इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि एनडीए के भीतर नीतीश कुमार को लेकर किसी तरह का विरोध नहीं है।
JDU नेता श्याम रजक का सख्त बयान—सभी दल नीतीश के साथ
इसी बीच, जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने भी इस बहस पर विराम लगाते हुए कहा कि पूरा एनडीए गठबंधन नीतीश कुमार के साथ खड़ा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा,
“चुनाव नीतीश कुमार की अगुवाई में लड़े गए। एनडीए के अंदर कोई मतभेद नहीं है। मुख्यमंत्री वही बनेंगे।”
उनके इस बयान ने उन सभी अटकलों को खत्म कर दिया कि कहीं एनडीए में नेतृत्व को लेकर कोई असहमति तो नहीं।
