पंजाब में शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने युवाओं के लिए नए रोजगार अवसरों को बढ़ाने और विभिन्न विभागों में सुधार लाने पर बड़ा निर्णय लिया है।
BBMB में बनेगा अलग कैडर, 3000 से अधिक पद जल्द होंगे भरे
हरपाल चीमा ने कहा कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) के लिए पंजाब सरकार एक अलग कैडर बनाएगी। अब तक राज्य के कर्मचारी यहां डिप्यूटेशन पर भेजे जाते थे, लेकिन अब पंजाब के युवा सीधे यहाँ भर्ती हो सकेंगे।
इसके साथ ही कहा गया कि सिंचाई विभाग, PSPCL और अन्य विभागों में 3,000 से ज्यादा पद जल्द भरे जाएंगे। यह कदम राज्य में रोजगार के अवसरों को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मलेरकोटला में नई भर्तियों को मंजूरी
कैबिनेट ने मलेरकोटला में खेल विभाग के लिए तीन नई पोस्ट को मंजूरी दी है। इसके अलावा सहकारी विभाग में रजिस्ट्रार, डिप्टी रजिस्ट्रार और इंस्पेक्टर के लिए 11 पदों को भरने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
दोराहा स्थित सीएचसी में 51 नए पदों के सृजन के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। वहीं, डेंटल टीचिंग फैकल्टी के लिए उम्र सीमा 62 से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी गई है, ताकि अनुभवी विशेषज्ञ अपनी सेवाएं जारी रख सकें।
उद्योग विभाग में बदलाव, बड़े प्लॉट के विभाजन की अनुमति
उद्योग क्षेत्र से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए गए हैं। अब पुद्दा द्वारा आवंटित कम से कम 500 गज के औद्योगिक प्लॉट को ही आगे आवंटित किया जा सकेगा। वहीं, 2,000 गज तक के प्लॉट को चार हिस्सों में विभाजित करने की अनुमति दे दी गई है। इससे छोटे उद्यमियों को भी उद्योग शुरू करने में मदद मिलेगी।
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए नियम तैयार होंगे, 53 करोड़ के सैनिटरी पैड
चीमा ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा विभाग को ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष नियम बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुविधाजनक रूप से मिल सके।
इसके साथ ही सरकार ने 53 करोड़ रुपये की लागत से सैनिटरी पैड खरीदने का फैसला किया है। ये पैड आंगनवाड़ी वर्करों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लड़कियों तक पहुंचाए जाएंगे। यह कदम महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
24 नवंबर को आनंदपुर साहिब में विशेष सत्र
फाइनेंस मंत्री ने बताया कि 24 नवंबर को आनंदपुर साहिब में एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। यह सत्र श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित होगा। इस दिन पंजाब विधानसभा का कोई सामान्य सत्र नहीं होगा, बल्कि गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और उनके बलिदान पर चर्चा की जाएगी।
यह पहली बार है जब पंजाब विधानसभा का कोई सत्र विधान भवन से बाहर आयोजित किया जा रहा है।
