पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की शुरुआत कल बठिंडा से होने जा रही है। AAP पंजाब के महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बताया कि इस बार 14 साल से लेकर 70 साल तक की उम्र के खिलाड़ी अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। कुल 38 खेलों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
पैरा खिलाड़ियों के लिए भी खास आयोजन
इस बार प्रतियोगिताओं में 4 पैरा खेलों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे। इससे अलग-अलग उम्र और क्षमता वाले खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों की तैयारी पर सरकार का फोकस
बलतेज पन्नू ने कहा कि मान सरकार ने पंजाब के खिलाड़ियों के लिए बड़ी इनामी राशि की व्यवस्था की है। उनके मुताबिक, खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए लाखों रुपये की सहायता देने वाला पंजाब देश का पहला राज्य है।
3,100 खेल मैदानों पर काम
पन्नू ने बताया कि राज्य में करीब 3,100 खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। इन मैदानों से गांवों और शहरों के युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए बेहतर जगह मिलने की उम्मीद है। युवाओं को उनकी पसंद के खेलों की किट भी उपलब्ध कराई जा रही है।
CM मान करेंगे सीजन-4 की शुरुआत
मुख्यमंत्री भगवंत मान बठिंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीजन-4 की औपचारिक शुरुआत करेंगे। उद्घाटन समारोह में पंजाबी संगीत के मशहूर गायक गुरदास मान और कुलविंदर बिल्ला भी प्रस्तुति देंगे।
युवाओं को खेलों से जोड़ने की मुहिम
AAP नेता ने कहा कि सरकार का जोर पंजाब की नई पीढ़ी को खेल मैदानों से जोड़ने पर है। उन्होंने पिछली सरकारों पर खेलों के प्रति युवाओं का रुझान कम होने का आरोप लगाया और कहा कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के साथ युवाओं को खेलों की ओर ले जाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
