पंजाब के सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा है कि राज्य सरकार कर्मचारियों का DA मौजूदा 42% से बढ़ाकर 60% करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस फैसले से करीब 85 हजार सरकारी कर्मचारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती कर्मचारियों पर फोकस
अमन अरोड़ा के मुताबिक, प्रस्तावित बढ़ोतरी का लाभ खास तौर पर उन कर्मचारियों को मिलेगा, जिनकी भर्ती 17 जुलाई 2020 के बाद हुई है। इस संबंध में तीन सदस्यीय सब-कमेटी ने सरकार को अपनी सिफारिश दे दी है और इसे जल्द लागू किए जाने की उम्मीद जताई गई है।
दो पे-स्केल का मुद्दा भी उठाया
मंत्री ने पंजाब में लंबे समय से कर्मचारियों के लिए चल रहे दो अलग-अलग पे-स्केल का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, 2020 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कुछ कर्मचारियों के लिए केंद्रीय पे-स्केल लागू करने का फैसला किया था, जिसके कारण वेतन व्यवस्था में अंतर पैदा हुआ।
केंद्र से ज्यादा वेतन देने का दावा
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार कई श्रेणियों में अपने कर्मचारियों को केंद्र की तुलना में 30% से 70% तक अधिक वेतन देती है। उनके मुताबिक, प्रस्तावित DA बढ़ोतरी कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम होगी और सरकार इस मामले को जल्द आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
