पंजाब सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए गांवों से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक कई योजनाओं पर काम कर रही है। सरकार के अनुसार, राज्य में 3,148 ग्रामीण खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से 250 खेल मैदानों का उद्घाटन हो चुका है। इन मैदानों का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों के युवाओं को अपने गांव के पास ही खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
युवाओं के लिए बन रहे हजारों जिम
सरकार ने पंजाब में कुल 6,000 जिम बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक करीब 500 जिम युवाओं को समर्पित किए जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि इन सुविधाओं से युवाओं को खेलों और फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
40 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों को इनाम
अलग-अलग खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि भी दी गई है। सरकार के मुताबिक, अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये से अधिक की इनामी राशि दी जा चुकी है। वर्ष 2023 में जीत हासिल करने वाले 33 पंजाबी खिलाड़ियों को 33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि बांटी गई।
खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी
खेल उपलब्धियों के आधार पर खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ सरकारी नौकरी भी दी गई है। अब तक 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। वहीं 11 खिलाड़ियों को PCS और DSP पदों पर नौकरी दी गई है।
पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी
पंजाब खेलों के बड़े आयोजनों की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। राज्य के इतिहास में पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी करने की तैयारी है। इसके साथ ही सरकार ने कॉमनवेल्थ में जीत हासिल करने वाले 2 खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।
