तरनतारन संसदीय क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव से पहले पंजाब सरकार ने अपनी तैयारियां तेज़ कर दी हैं। इसी कड़ी में 3 अक्टूबर को कस्बा झबाल में एक बड़ी विकास रैली आयोजित की जाएगी।
करोड़ों के विकास कार्यों का उद्घाटन
इस रैली में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पंजाब मंडी बोर्ड और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। सरकार ने तरनतारन हलके से संबंधित लगभग 100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनकी औपचारिक घोषणा मुख्यमंत्री करेंगे।
अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डिप्टी कमिश्नर राहुल और एसएसपी तरनतारन ने आज पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू के साथ झबाल में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर तहसीलदार गुरप्रीत सिंह, नायब तहसीलदार जसविंदर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
जनता को विकास का भरोसा
इस विकास रैली को लेकर इलाके के लोगों में उत्सुकता है। राजनीतिक हलकों का मानना है कि उपचुनाव से पहले यह रैली न सिर्फ़ तरनतारन क्षेत्र के विकास की तस्वीर पेश करेगी, बल्कि जनता को सरकार के कामकाज पर भरोसा दिलाने का भी प्रयास होगा।
