पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की संगत को एक बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की है कि पंजाब के तीन पवित्र शहरों—अमृतसर, आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो—में स्थानीय परिवहन अब पूरी तरह मुफ़्त होगा। यह घोषणा उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित ‘सर्बत्त दा भला’ कार्यक्रम के दौरान की, जो गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ को समर्पित था।
ई-रिक्शा, मिनी बसें और अन्य परिवहन पर नहीं लगेगा कोई शुल्क
सीएम भगवंत मान ने कहा कि इन पवित्र शहरों में गुरुद्वारों तक पहुंचने के लिए लोग अब बिना किसी खर्च के सफर कर सकेंगे। ई-रिक्शा, मिनी बसें और अन्य स्थानीय परिवहन सेवाएं सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए मुफ्त उपलब्ध होंगी। इसका पूरा खर्च पंजाब सरकार उठाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर साल लाखों श्रद्धालु इन पवित्र शहरों में दर्शन करने आते हैं। भीड़ को ध्यान में रखते हुए मुफ़्त परिवहन की यह सुविधा लोगों की यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाएगी। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी बल्कि शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
सरकार की ओर से आस्था का सम्मान
CM मान ने कहा कि इन शहरों को पवित्र दर्जा दिए जाने के बाद सरकार ने यह सुनिश्चित करना शुरू कर दिया है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। मुफ्त परिवहन सुविधा इसी दिशा में उठाया गया एक अहम कदम है।
