पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्य स्तरीय अभियान के 167वें दिन पूरे राज्य में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। पुलिस ने विभिन्न जिलों में 840 स्थानों पर छापेमारी कर 564 लोगों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 12 हथियार भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध पर लगाम लगाने और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी है।
44,666 तक पहुंची कुल गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार, अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 44,666 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। लगातार छापेमारी और खुफिया जानकारी के आधार पर की जा रही कार्रवाई से गैंगस्टर नेटवर्क पर दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
नशा तस्करों पर भी कसा शिकंजा
वहीं, ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के 492वें दिन पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान 152 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस अभियान के तहत अब तक 72,175 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अपराध और नशे के खिलाफ लगातार अभियान
पंजाब पुलिस ने कहा कि गैंगस्टर नेटवर्क और ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य अपराध और नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करना, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और राज्य को सुरक्षित एवं नशा-मुक्त बनाना है।
