पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 489वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने 187 कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हेरोइन, नशीली गोलियां और नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन, 712 नशीली गोलियां और 22,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों और नकदी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशामुक्ति के लिए भी किए जा रहे प्रयास
कार्रवाई के साथ-साथ पंजाब पुलिस नशे के शिकार लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए भी प्रयास कर रही है। अभियान के दौरान 12 लोगों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशामुक्ति केंद्रों में इलाज तथा पुनर्वास के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
