आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता Manish Sisodia ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि संजीव अरोड़ा सिर्फ एक ईमानदार नेता ही नहीं, बल्कि पंजाब के विकास के लिए स्पष्ट सोच और विज़न रखने वाले नेता हैं।
सिसोदिया ने दावा किया कि मंत्री बनने के बाद संजीव अरोड़ा ने पंजाब में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए तेजी से काम किया और उनके प्रयासों की चर्चा उद्योग जगत में भी हो रही है।
इंडस्ट्री और निवेश पर जोर
मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब में इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए संजीव अरोड़ा ने नई नीति और तेज फैसलों के जरिए माहौल बनाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राज्य के कई उद्योगपति उनके काम करने के तरीके और इंडस्ट्री फ्रेंडली सोच की तारीफ करते हैं।
AAP नेता ने दावा किया कि पंजाब में निवेश लाने और रोजगार बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाओं पर काम किया जा रहा था।
शहरों को आधुनिक बनाने पर काम
सिसोदिया ने कहा कि संजीव अरोड़ा ने शहरों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए भी बड़े स्तर पर काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइट्स लगाने, बिजली के तारों को व्यवस्थित करने और आधुनिक शहरी ढांचा तैयार करने पर तेजी से काम चल रहा था।
उन्होंने मुख्यमंत्री Bhagwant Mann की उस महत्वाकांक्षी योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत गांवों और खेतों में फैले खुले बिजली तारों को भूमिगत किया जा रहा है। सिसोदिया ने कहा कि इस योजना को जमीन पर लागू करने की जिम्मेदारी भी संजीव अरोड़ा पूरी मेहनत से निभा रहे थे।
BJP पर लगाया बड़ा आरोप
मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि ऐसे मेहनती और परिणाम देने वाले नेता को झूठे मामलों में फंसाकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक नेता का मामला नहीं, बल्कि पंजाब के विकास और लोगों के भरोसे से जुड़ा मुद्दा है।
