भारत की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने एक नया इतिहास रच दिया है। कंपनी ने घरेलू बाजार में 3 करोड़ वाहनों की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। कंपनी ने बुधवार को एक बयान जारी करते हुए बताया कि यह उपलब्धि उसने लगातार मेहनत और उपभोक्ताओं के विश्वास से हासिल की है।
तीन चरणों में पूरी हुई सफलता की यात्रा
मारुति सुजुकी ने बताया कि उसे पहली 1 करोड़ गाड़ियों की बिक्री पूरी करने में 28 साल और 2 महीने लगे थे। इसके बाद दूसरी 1 करोड़ इकाइयों की बिक्री कंपनी ने मात्र 7 साल और 5 महीने में पूरी की। वहीं, तीसरी 1 करोड़ इकाइयों की बिक्री का रिकॉर्ड तोड़ समय सिर्फ 6 साल और 4 महीने में हासिल किया गया।
इन मॉडलों ने बढ़ाया कंपनी का नाम
भारत में बिकने वाली इन 3 करोड़ गाड़ियों में सबसे लोकप्रिय मॉडल Maruti Alto रही, जिसकी 37 लाख से अधिक इकाइयां बिकीं। दूसरे स्थान पर WagonR रही, जिसकी लगभग 34 लाख गाड़ियां सड़कों पर उतरीं। तीसरे नंबर पर Swift रही, जिसकी 32 लाख से ज्यादा इकाइयां बिकीं। इसके अलावा Brezza और Fronx जैसी कॉम्पैक्ट SUV मॉडल्स भी कंपनी के टॉप 10 बेस्टसेलर वाहनों में शामिल हैं।
कंपनी के सीईओ का बयान
मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक और सीईओ हिसाशी टाकेयुची ने कहा, “भारत में प्रति 1000 व्यक्तियों पर लगभग 33 वाहनों की उपलब्धता है। इसका मतलब है कि हमारी यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। हम आने वाले समय में और अधिक लोगों तक व्यक्तिगत परिवहन का आनंद पहुंचाने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।”
मारुति की शुरुआत और आज की स्थिति
मारुति सुजुकी ने 14 दिसंबर 1983 को अपनी पहली कार Maruti 800 की डिलीवरी दी थी, जिसने भारतीय परिवारों के दिलों में खास जगह बनाई। आज कंपनी 19 मॉडल्स में 170 से अधिक वेरिएंट्स के साथ देशभर में अपनी गाड़ियां पेश करती है।
मारुति सुजुकी की यह उपलब्धि भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है।
