पंजाब और हिमाचल की सीमा पर बने पोंग डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। प्रशासन ने डैम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को लगभग 1,04,989 क्यूसेक पानी ब्यास नदी में छोड़ दिया।
टरबाइन और स्पिलवे गेट खोले गए
प्रबंधन के अनुसार पानी को नियंत्रित करने के लिए टरबाइन और स्पिलवे गेट खोले गए। इसमें से करीब 93,489 क्यूसेक पानी शाह नहर बैराज से ब्यास नदी में छोड़ा गया, जबकि 11,500 क्यूसेक पानी मुकेरियां हाइडल नहर की ओर मोड़ा गया।
डैम में लगातार बढ़ रही है आवक
गुरुवार शाम 7 बजे तक डैम में पानी की आमद 59,795 क्यूसेक दर्ज की गई और जलस्तर 1392.81 फीट तक पहुँच गया। लगातार बारिश और पहाड़ी इलाकों से पानी आने के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
निचले इलाकों में बढ़ी मुसीबत
डैम से छोड़े गए पानी के चलते पंजाब के कई जिले प्रभावित हो गए हैं। हजारों एकड़ फसलें जलमग्न हो गईं और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। वहीं, कई गांवों के घरों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा।
प्रशासन ने जारी की अपील
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और नदी के किनारों के पास न जाएं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज़ कर दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
