पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य को बाढ़ जैसी आपदा से बाहर निकालने के लिए ‘मिशन चढ़दीकला’ के तहत जनता की सेवा करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि देश और विदेश में बसे पंजाबी इस मुहिम का हिस्सा बनकर खुले दिल से योगदान कर रहे हैं और एक बार फिर अपनी एकता की मिसाल कायम कर रहे हैं।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब की धरती को गुरुओं का आशीर्वाद और सेवा का वरदान प्राप्त है। जब भी कहीं संकट आता है, पंजाबी हमेशा मानवता की सेवा में सबसे आगे खड़े दिखाई देते हैं। इस बार भी बाढ़ की विभीषिका ने राज्य को गहरी चोट दी है, लेकिन लोग हौसले और जज़्बे के साथ मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की मदद को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि बाढ़ से हुए भारी नुकसान की तुलना में केंद्र द्वारा दी गई राशि ‘ऊँट के मुँह में जीरा’ जैसी है। उन्होंने साफ कहा कि पंजाब को स्पेशल पैकेज की ज़रूरत नहीं है, बल्कि राज्य का हक़ का फंड वापस दिया जाए।
मान के मुताबिक, केंद्र ने पंजाब का करीब 60,000 करोड़ रुपये रोका हुआ है। यह फंड अगर समय पर जारी किया जाए तो राज्य को फिर से खड़ा करने में बड़ी मदद मिलेगी।
एकजुटता है पंजाब की ताकत
सीएम मान ने कहा कि पंजाब ने कभी भी संकट से मुँह नहीं मोड़ा है। चाहे आज़ादी का आंदोलन रहा हो, देश की सीमाओं की सुरक्षा रही हो या कोई प्राकृतिक आपदा, पंजाबी हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार मानसून में भारी बारिश से बांधों में इतिहास का सबसे ज़्यादा पानी आया। राज्य सरकार ने बांधों को मज़बूत बनाकर पूरी तैयारी की थी, लेकिन प्रकृति की मार के सामने किसी का ज़ोर नहीं चलता।
सेवा का जज़्बा ही पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में पंजाबी मानवता की सेवा के लिए जाने जाते हैं। इस बार की बाढ़ ने लोगों की जिंदगी को पटरी से उतार दिया, लेकिन सेवा और एकजुटता की भावना ने हालात को संभालने में मदद की।
मान ने कहा, “मेरा निजी दुख, पंजाब के दुख के सामने बहुत छोटा है। पंजाबियों ने हर बार कठिनाइयों का डटकर सामना किया है और इस बार भी हम मिलकर राज्य को फिर से खड़ा करेंगे।”
राज्य सरकार अब राहत और पुनर्वास कार्यों पर फोकस कर रही है। ‘मिशन चढ़दीकला’ के तहत लोगों को मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन, स्वयंसेवी संगठन और आम जनता मिलकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पंजाब इस आपदा से उभरकर और मज़बूत बनकर सामने आएगा।
