पंजाब सरकार ने माधोपुर हैडवर्क्स से आई बाढ़ के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। जल स्त्रोत विभाग ने गुरदासपुर नहर और ग्राउंड वाटर मंडल गुरदासपुर के एक्सईएन नितिन सूद को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही उप मंडल अफसर अरुण कुमार और जूनियर इंजीनियर सचिन ठाकुर को भी निलंबित किया गया है।
विभागीय आदेश के तहत तीनों अधिकारियों को चंडीगढ़ स्थित मुख्य इंजीनियर हेडक्वार्टर भेज दिया गया है। सरकार का कहना है कि लापरवाही के कारण बाढ़ से जनजीवन और फसलों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही साफ कर चुके हैं कि बाढ़ जैसी आपदा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई को पंजाब सरकार का कड़ा संदेश माना जा रहा है कि संकट की घड़ी में ढिलाई बरतने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

