पेरिस के विश्वप्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम को अचानक बंद कर दिया गया है। यह घटना शनिवार सुबह उस समय सामने आई, जब म्यूजियम खुला और चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। फ्रांस की संस्कृति मंत्री राचिदा दति ने सोशल मीडिया पर लिखा कि म्यूजियम में चोरी हुई है, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। मंत्री मौके पर म्यूजियम स्टाफ और पुलिस के साथ मौजूद हैं।
म्यूजियम की वेबसाइट ने की घोषणा
लूव्र म्यूजियम की वेबसाइट पर बताया गया है कि ‘विशेष कारणों’ से आज म्यूजियम बंद रहेगा। म्यूजियम प्रशासन ने फिलहाल इस घटना पर विस्तृत टिप्पणी नहीं की है। लूव्र म्यूजियम दुनिया के सबसे प्रसिद्ध कला संग्रहालयों में से एक है, जहां मोनालिसा, अपोलो गैलरी और कई अन्य ऐतिहासिक कलाकृतियां मौजूद हैं।
चोरी का तरीका: फिल्मी स्टाइल
समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, चोरी पूरी तरह फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई। पेरिस पुलिस के अनुसार, अपराधी सुबह-सुबह म्यूजियम में दाखिल हुए। फ्रांसीसी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, चोरों ने सीन नदी की ओर म्यूजियम के उस हिस्से से प्रवेश किया, जहां निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने निर्माण सामग्री लाने-ले जाने वाली बाहरी लिफ्ट का इस्तेमाल कर अपोलो गैलरी तक पहुँचा और खिड़कियां तोड़कर अंदर घुस गए।
नेपोलियन और महारानी के आभूषण चोरी
म्यूजियम के अंदर चोरों ने नेपोलियन और महारानी के आभूषण संग्रह में सेंध लगाई। इस वारदात में कुल 9 कीमती आभूषण चोरी किए गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, तीन नकाबपोश चोर म्यूजियम खुलते ही अंदर घुसे और चोरी के बाद बाहर इंतजार कर रहे स्कूटर पर सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया
पुलिस और म्यूजियम प्रशासन ने चोरी की पुष्टि की है। चोरी गए आभूषणों की कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। घटनास्थल पर सुरक्षा और जांच बढ़ा दी गई है। अधिकारी अभी संदिग्धों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने म्यूजियम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण कार्य वाले हिस्से से चोरी ने यह संकेत दिया है कि सुरक्षा में कमजोरी का फायदा उठाकर अपराधी वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहे।
