गुरदासपुर जिले के बटाला शहर में 30 अगस्त 2025 को श्री गुरु नानक देव जी का विवाह पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं और पूरा शहर धार्मिक रंग में रंग जाता है। लेकिन हर साल इस मेले में कुछ शरारती तत्व ट्रैक्टरों और वाहनों पर हुड़दंग मचाते हैं, ऊंची आवाज़ में साउंड सिस्टम बजाते हैं और बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे चलाकर माहौल खराब करते हैं।
जनता की सुविधा के लिए प्रशासन सख्त
आम जनता, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस बार सख्त कदम उठाए हैं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट डॉ. हरजिंदर सिंह बेदी (आईएएस) ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं।
27 से 31 अगस्त तक रहेगा प्रतिबंध
जारी आदेश के मुताबिक 27 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक बटाला सब-डिवीजन की सीमा में कोई भी व्यक्ति ट्रैक्टर या अन्य वाहनों पर हुड़दंग नहीं करेगा। इसके अलावा ऊंची आवाज़ में स्पीकर बजाने और बुलेट मोटरसाइकिलों के पटाखे चलाने पर भी पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने साफ कहा है कि इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ये निर्देश जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एकतरफा आदेश के रूप में जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मिलकर इस धार्मिक पर्व को शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाएं, ताकि गुरु नानक देव जी का यह पावन अवसर सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।
