हफ़्ते के पहले कारोबारी दिन यानी 21 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार ने सकारात्मक रुख दिखाया। सेंसेक्स ने 442.61 अंकों की बढ़त के साथ 82,200.34 के स्तर पर क्लोजिंग दी, जो कि 0.54% की उछाल है। निफ्टी भी 122.30 अंकों की छलांग लगाते हुए 25,090.70 पर बंद हुआ। यह बाजार में निवेशकों के बढ़ते भरोसे और मजबूत आर्थिक संकेतों का नतीजा माना जा रहा है।
कौन से शेयर रहे टॉप और कौन हुए डाउन?
सेंसेक्स के 30 स्टॉक्स में से 18 ने हरे निशान में कारोबार किया जबकि 12 लाल निशान में रहे। ICICI बैंक, HDFC बैंक और Eternal जैसी कंपनियों के शेयर चढ़ते नज़र आए, वहीं Reliance, HCLTech और Hindunivr के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी के 50 स्टॉक्स में से सिर्फ 10 ने बढ़त बनाई, जबकि 40 स्टॉक्स गिरावट के साथ बंद हुए।
एनएसई के आईटी, सरकारी बैंक और तेल-गैस सेक्टर के शेयरों में 1% तक की गिरावट रही। इसके विपरीत, मेटल और रियल एस्टेट सेक्टर के शेयरों में अच्छी तेजी देखी गई।
विदेशी निवेशकों की वापसी, घरेलू निवेशक भी हुए एक्टिव
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को ₹374.74 करोड़ के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की ओर से ₹2,104 करोड़ की खरीदारी की गई। जुलाई महीने में अब तक एफआईआई ने कुल मिलाकर ₹16,955.75 करोड़ के शेयर बेचे हैं, जबकि डीआईआई ने ₹21,893.52 करोड़ की शुद्ध खरीदारी की है।
पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद रिकवरी
पिछले कारोबारी दिन यानी 18 जुलाई को सेंसेक्स 502 अंकों की गिरावट के साथ 81,758 पर बंद हुआ था। उस दिन Axis Bank, BEL, Kotak Bank और HDFC Bank के स्टॉक्स में गिरावट आई थी। हालांकि Bajaj Finance और Tata Steel के शेयरों में तेजी रही थी। निफ्टी भी 143 अंकों की गिरावट के साथ 24,968 पर बंद हुआ था।
एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेत
एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी लाभ में रहे। वहीं, ब्रेंट क्रूड की कीमतों में मामूली 0.17% की बढ़ोतरी हुई और यह $69.40 प्रति बैरल पर रहा।
कुल मिलाकर, बाजार की चाल सकारात्मक बनी हुई है, जिससे निवेशकों को नई हफ़्ते में अच्छे रिटर्न की उम्मीद है।
