पंजाब में ट्रैफिक चालान भरने को लेकर एक अहम फैसला सामने आया है। अब राज्य में चालान ऑनलाइन भरे जा सकेंगे। इसकी शुरुआत मोहाली जिले से की जाएगी, जहां जल्द ही ई-कोर्ट सिस्टम लागू होगा। यह आदेश पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से दिया गया है।
मोहाली बनेगा पहला ज़िला
जानकारी के मुताबिक, हाईकोर्ट ने साफ किया है कि पहले मोहाली में इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जाए। अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो आगे इसे पूरे पंजाब में लागू किया जाएगा। इससे लाखों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
जनहित याचिका से शुरू हुई प्रक्रिया
दरअसल, हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल की गई थी। इसमें मांग की गई थी कि पंजाब को भी नेशनल वर्चुअल कोर्ट प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए, ताकि छोटे-मोटे ट्रैफिक चालानों का निपटारा ऑनलाइन हो सके। याचिका में कहा गया कि चालान बढ़ने के बावजूद लोगों को अभी भी अदालतों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं।
पड़ोसी राज्यों में पहले से लागू
याचिका में यह भी तर्क दिया गया कि हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ में यह सिस्टम पहले से लागू है और लोग घर बैठे ही चालान भर पा रहे हैं। ऐसे में पंजाब में देरी समझ से परे है।
तीन हफ्तों में तैयार होगी प्रणाली
अदालत को बताया गया कि पंजाब में वर्चुअल कोर्ट प्रणाली को पूरी तरह लागू करने में करीब तीन हफ्ते का समय लगेगा। अदालत ने स्पष्ट किया कि मोहाली में पायलट प्रोजेक्ट सफल होने के बाद इस व्यवस्था को पूरे राज्य में लागू किया जाए।
