मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनता के हित में लगातार कदम उठा रही है। राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से सरकार ने हाल ही में “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना” का ऐलान किया है। इस योजना से राज्य के 65 लाख से अधिक परिवारों को फायदा मिलेगा।
10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज
सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत हर परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा। यह सुविधा राज्य के सभी सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध होगी। इलाज के दौरान मरीजों को कैशलेस और पेपरलेस सेवा दी जाएगी ताकि उन्हें किसी तरह की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
हर सदस्य होगा योजना में शामिल
पंजाब सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस योजना में परिवार के आकार की कोई सीमा नहीं होगी, यानी परिवार के हर सदस्य को कवरेज मिलेगा। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारी, आंगनवाड़ी और आशा वर्कर भी इस योजना के तहत पूरी तरह से कवर किए जाएंगे।
पहला राज्य बनेगा पंजाब
इस योजना के लागू होने के बाद पंजाब देश का पहला राज्य बन जाएगा जहां सभी नागरिकों को यूनिवर्सल हेल्थ इंश्योरेंस कवर मिलेगा। योजना के तहत राज्य के हर लाभार्थी को एक स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसके जरिए वे किसी भी अस्पताल में आसानी से इलाज करा सकेंगे।
गरीब परिवारों को बड़ी राहत
सरकार का कहना है कि इस योजना से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बहुत राहत मिलेगी। अब तक कई परिवार बीमारी के इलाज में अपनी पूरी जमा-पूंजी खर्च कर देते थे, लेकिन अब वे यह पैसा अपने परिवार की बेहतरी और बच्चों की शिक्षा में लगा सकेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा कदम
आम आदमी पार्टी सरकार की यह योजना पंजाब की स्वास्थ्य सेवाओं में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर नागरिक को बेहतर इलाज, आधुनिक सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा मिले ताकि किसी को भी पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहना पड़े।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह योजना सिर्फ एक सरकारी घोषणा नहीं, बल्कि हर पंजाबी परिवार के स्वस्थ भविष्य की गारंटी है।
