नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी, जबकि परीक्षा केंद्र में प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा। इसके बाद पहुंचने वाले किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मौसम विभाग द्वारा कई क्षेत्रों में बारिश और तूफान की संभावना जताए जाने के कारण छात्रों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
इन सामानों पर रहेगा प्रतिबंध
NTA के अनुसार परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, माइक्रोफोन, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, खाने-पीने की वस्तुएं और गहने भी परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
टॉयलेट ब्रेक के लिए भी नियम
परीक्षा के दौरान यदि कोई उम्मीदवार टॉयलेट ब्रेक लेता है तो उसकी दोबारा सुरक्षा जांच की जाएगी। हालांकि परीक्षा शुरू होने के पहले 30 मिनट और समाप्ति से पहले के अंतिम 30 मिनट में टॉयलेट जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के दौरान सभी उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
OMR शीट भरते समय बरतें सावधानी
उम्मीदवारों को OMR शीट पर अपना रोल नंबर, पेपर कोड और प्रश्न पुस्तिका नंबर बहुत ध्यान से भरना होगा। किसी भी प्रकार की ओवरराइटिंग, काट-छांट या मिटाने से बचने की सलाह दी गई है। गलत जानकारी भरने पर परिणाम प्रभावित हो सकता है।
क्या करें और क्या न करें
NTA ने उम्मीदवारों को केवल केंद्र पर उपलब्ध कराए गए काले बॉल पेन का उपयोग करने को कहा है। सभी गोलों को पूरी तरह और गहरे रंग से भरना होगा तथा प्रत्येक प्रश्न के लिए केवल एक उत्तर चुनना होगा। वहीं OMR शीट पर टिक या क्रॉस का निशान लगाने, आधा गोला भरने, एक से अधिक विकल्प चुनने या शीट को गंदा करने से बचने की सलाह दी गई है।
