दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किला परिसर से बीते मंगलवार को एक कीमती कलश चोरी हो गया। जानकारी के अनुसार, लाल किले के पार्क (गेट नंबर 15) में जैन धर्म का एक धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। इसी दौरान श्रद्धालु अनुष्ठान में व्यस्त थे और चोर मौका पाकर करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का कलश लेकर फरार हो गए।
सोने और कीमती रत्नों से जड़ा था कलश
पुलिस के मुताबिक चोरी हुआ कलश बेहद कीमती था। इसमें 760 ग्राम सोना और करीब 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ना जड़े हुए थे। चोरी की घटना से धार्मिक आयोजन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आयोजकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
लाल किले के अंदर नहीं, पार्क से हुई चोरी
दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि चोरी की वारदात लाल किले के अंदर नहीं, बल्कि लाल किला परिसर के पार्क में हुई है। यह पार्क गेट नंबर 15 पर स्थित है, जहां धार्मिक आयोजन चल रहा था। पुलिस के अनुसार, कलश उसी आयोजन से चोरी हुआ और यह मामला गंभीरता से जांच के दायरे में है।
संदिग्ध की पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी
वारदात की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें एक संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर ली है और दावा किया है कि उसकी गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी। फिलहाल पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
बीएनएस के तहत दर्ज हुई FIR
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 303(2) के तहत FIR दर्ज की है। चोरी गए कलश की कीमत और धार्मिक महत्व को देखते हुए पुलिस ने इसे प्राथमिकता के आधार पर लिया है।
