चंडीगढ़, 7 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक पहल करते हुए राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में दूसरी राज्यव्यापी पैरेंट्स (माता-पिता) वर्कशॉप का सफल आयोजन किया, जिसमें एक ही दिन में 17.50 लाख से अधिक माता-पिताओं ने सक्रिय भागीदारी की। इस व्यापक पहल ने सामुदायिक सहभागिता आधारित शिक्षा मॉडल को मजबूती देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर एक नया मानक स्थापित किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि स्टेट काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (SCERT) के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेगा वर्कशॉप का उद्देश्य माता-पिताओं को बच्चों की शिक्षा प्रक्रिया का सक्रिय सहभागी बनाना है। यह पहल ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के अंतर्गत शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने और छात्रों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

शिक्षा मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस ने श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के सरकारी हाई स्कूल, मानकपुर (नंगल) में आयोजित वर्कशॉप का नेतृत्व करते हुए माता-पिताओं और छात्रों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि वर्कशॉप के दौरान तनाव-मुक्त परीक्षा तैयारी, सकारात्मक अभिभावकीय सहयोग के माध्यम से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने तथा राज्य सरकार की ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशों की रोकथाम, शीघ्र पहचान और सहायता विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
उन्होंने बताया कि इस राज्यव्यापी आयोजन में शिक्षा मंत्री सहित पांच कैबिनेट मंत्रियों—डॉ. बलजीत कौर, श्री लालचंद कटारूचक, श्री तरुनप्रीत सिंह सौंद और श्री हरदीप सिंह मुंडियां—तथा 40 से अधिक विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भाग लेकर सरकार की शिक्षा सुधारों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
श्री बैंस ने कहा कि दिसंबर 2025 में आयोजित पहली पैरेंट्स वर्कशॉप की सफलता के बाद आयोजित इस दूसरी वर्कशॉप ने स्कूलों और अभिभावकों के बीच सहयोगात्मक साझेदारी को और सशक्त किया है। इस पहल के माध्यम से माता-पिताओं को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, होम लर्निंग के महत्व और सहयोगी घरेलू वातावरण के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।

वर्कशॉप के सुचारू संचालन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा निदेशकों, जिला शिक्षा अधिकारियों सहित 3,000 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया था। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम से पूर्व लगभग 40,000 शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वर्कशॉप का प्रभावी और सार्थक आयोजन सुनिश्चित हो सका।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह राज्यव्यापी पैरेंट्स वर्कशॉप बच्चों की शैक्षिक सफलता और मानसिक-शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सहयोगी पारिवारिक वातावरण के निर्माण की दिशा में एक मजबूत आधार है और पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
