मानसा, 08 नवंबर: पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले चर्चित एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा का रविवार, 8 नवंबर को उनके पैतृक शहर मानसा में अंतिम संस्कार कर दिया गया। दिवाली के दिन 26 दिन बाद उनका अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। उनके पिता भीम सिंह और दोनों बेटों अंगदवीर व हरफतेह ने उन्हें मुखाग्नि दी।
परविंदर झोटा की पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए चकेरियां रोड स्थित उनके खेत में लाया गया। इस दौरान उनके दोनों बेटों ने ‘परविंदर झोटा अमर रहें’ के नारे लगाए। अंतिम संस्कार के समय माहौल बेहद गमगीन रहा। लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी और फूल बरसाकर अंतिम विदाई दी।
7 नवंबर को परिजनों को सौंपा गया था शव
जानकारी के मुताबिक, शनिवार, 7 नवंबर को चंडीगढ़ PGI में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह करीब 5 बजे परविंदर झोटा का शव परिजनों को सौंपा गया था। इसके बाद पार्थिव देह को चंडीगढ़ से मानसा लाया गया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को नशा बेचने का विरोध करने पर केमिस्ट द्वारा कथित तौर पर गोलियां मारकर परविंदर झोटा की हत्या कर दी गई थी। उनकी मौत के बाद से ही परिवार और समर्थक न्याय की मांग कर रहे हैं।
SSP के तबादले तक पिता की भूख हड़ताल जारी
दूसरी ओर, परविंदर झोटा के पिता भीम सिंह की भूख हड़ताल जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक मानसा के SSP वैभव चौधरी का तबादला नहीं किया जाता, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी।
परिजनों के मुताबिक, भीम सिंह ने 5 नवंबर से कुछ नहीं खाया है और केवल पानी पी रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस अधिकारी की कथित लापरवाही और नशे के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के कारण ही उनके बेटे की हत्या हुई। परिवार SSP के तबादले और मामले में न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है।
