मोहाली:
पंजाब पुलिस को गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और इंटरपोल की मदद से पंजाब के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत वापस लाया है। आरोपी डोनी बल और प्रभ दासूवाल गैंग का प्रमुख सरगना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपी को भारत लाने के लिए करीब 10 महीने तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑपरेशन चलाया गया। यह कार्रवाई ऑपरेशन शहीद के तहत की गई। इस दौरान एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
विदेश में बैठकर पंजाब में चला रहा था आपराधिक नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, गुरविंदर उर्फ अफरीदी विदेश में छिपकर पंजाब में अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित कर रहा था। उस पर टारगेट किलिंग, फिरौती के लिए फायरिंग और संगठित अपराध से जुड़ी गतिविधियों को निर्देशित करने के आरोप हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए पंजाब सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
फर्जी पासपोर्ट से भारत से हुआ था फरार
जांच में सामने आया कि आरोपी ने विदेश भागने के लिए फर्जी पहचान और दस्तावेजों का सहारा लिया था। डीजीपी के मुताबिक, उसने 12 फरवरी 2025 को विजेंद्र सिंह के नाम से गोरखपुर के फर्जी पते पर उत्तर प्रदेश पासपोर्ट कार्यालय से पासपोर्ट बनवाया था। इसी पासपोर्ट के आधार पर 31 मार्च 2025 को वह भारत से फरार हो गया।
आरोपी ने मैक्सिको का पासपोर्ट हासिल करने और खुद को वहां का नागरिक दिखाने की भी कोशिश की थी। भारत से भागने के बाद वह पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंचा। इसके बाद उसकी लोकेशन इस्तांबुल और मैक्सिको में ट्रैक की गई।
UAE से केन्या, अंगोला होते हुए पहुंचा इथियोपिया
पुलिस की जांच के अनुसार, अप्रैल 2026 में आरोपी केन्या पहुंचा। जून 2026 में वह अंगोला गया और बाद में इथियोपिया में छिप गया। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और आखिरकार उसे इथियोपिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया।
CBI और इंटरपोल की मदद से हुई कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन में पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC), केंद्रीय जांच एजेंसी CBI और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने सहयोग किया। आरोपी के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कुल 7 इंटरपोल नोटिस जारी होने की जानकारी है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय के बाद उसे भारत लाने में सफलता मिली। पंजाब पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके विदेशी नेटवर्क और पंजाब में सक्रिय आपराधिक सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा सकती है।
