पंजाब के होशियारपुर जिले में पुलिस और लुटेरों के बीच आज सुबह एक मुठभेड़ हुई। यह एनकाउंटर गढ़शंकर इलाके के गांव रामपुर बिलरो में हुआ। पुलिस के अनुसार, ये वही लुटेरे थे जिन्होंने हाल ही में माहिलपुर में एक मनी चेंजर की दुकान पर लूटपाट की थी। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में पहुंची, तो लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे डीएसपी दलजीत सिंह खख ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला। इस दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिसमें एक लुटेरा घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से घायल लुटेरे समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने एनकाउंटर स्थल से दो पिस्तौल भी बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल लूट और फायरिंग में किया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और पहले भी कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है ताकि लूट की पूरी साजिश और उनके अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिल सके।
डीएसपी दलजीत सिंह खख ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस एनकाउंटर के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और राहत की सांस ली है।
