बरनाला से सांसद और संगरूर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे गुरमीत सिंह मीत हेयर के घर खुशियों का माहौल है। मीत हेयर पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी डॉ. गुरवीन कौर ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। यह खुशखबरी आज सुबह करीब 12 बजे मोहाली के एक निजी अस्पताल से सामने आई। बेटे के जन्म की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
गुरमीत सिंह मीत हेयर साल 2024 में संगरूर से सांसद चुने गए थे। इससे पहले वे बरनाला विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा वे पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। युवा नेता के रूप में मीत हेयर की राज्य की राजनीति में खास पहचान है।
गौरतलब है कि गुरमीत सिंह मीत हेयर ने 7 नवंबर 2023 को मोहाली जिले के नयागांव स्थित एक निजी रिसॉर्ट में डॉ. गुरवीन कौर से विवाह किया था। डॉ. गुरवीन कौर पेशे से रेडियोलॉजिस्ट हैं। वे भूपिंदर सिंह बाजवा की बेटी हैं, जो इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन में पदाधिकारी रह चुके हैं। परिवार की जड़ें वेस्ट पंजाब से जुड़ी हैं, लेकिन बंटवारे के बाद उनका परिवार मेरठ में बस गया था।
बेटे के जन्म के बाद मीत हेयर परिवार को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। पार्टी नेताओं, समर्थकों और आम लोगों ने नवजात शिशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
