थेनी (तमिलनाडु)
तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी सब-जेल से फरार हुए 17 विचाराधीन कैदियों में से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेष चार कैदियों की तलाश जारी है। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने ड्रोन, विशेष टीमों और सघन तलाशी अभियान की मदद ली। मामले में लापरवाही सामने आने के बाद जेल के 9 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
मिर्गी का दौरा पड़ने का किया नाटक
घटना सोमवार, 26 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की है। शुरुआती जांच के मुताबिक, जेल में बंद कैदियों ने एक साथी को मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया। उसकी मदद के लिए जब जेलकर्मी सेल का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे, तो कैदियों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद वे जेल का मुख्य दरवाजा खोलकर फरार हो गए। हमले में तीन जेलकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
ड्रोन और 17 विशेष टीमों से तलाश
कैदियों के फरार होने के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। जंगलों और झाड़ियों वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी की गई। इसके साथ ही 17 विशेष पुलिस टीमें बनाई गईं और आसपास के इलाकों में वाहनों की जांच तथा तलाशी अभियान तेज किया गया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 13 फरार कैदियों को पकड़ लिया। बाकी चार की तलाश जारी है।
9 जेलकर्मी निलंबित
जेल की सुरक्षा में चूक और ड्यूटी में लापरवाही के मामले में 9 जेल कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। जेल और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फरार होने की पूरी घटना और सुरक्षा में हुई चूक की जांच की जा रही है।
