पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली में राज्य के इतिहास के सबसे बड़े निवेशक सम्मेलन ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। इस सम्मेलन में देश और विदेश से आए उद्योगपति और निवेशक पंजाब में निवेश के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे।
30 सत्रों में निवेश के अवसरों पर चर्चा
इस समिट के दौरान करीब 30 अलग-अलग सत्रों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें उद्योग, तकनीक, व्यापार और निवेश से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में देश-विदेश के निवेशक और विशेषज्ञ भाग लेकर पंजाब में मौजूद व्यावसायिक संभावनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।
औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह निवेशक सम्मेलन पंजाब के औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के बाद राज्य में औद्योगिक निवेश के नए रास्ते खुलेंगे और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आने वाला निवेश युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। उनका कहना था कि राज्य सरकार का लक्ष्य निवेश के साथ-साथ रोजगार के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं पैदा करना है, ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिल सकें।
भगवंत मान ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार उद्योगों और कारोबारियों को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मेहनती पंजाबी और राज्य सरकार मिलकर पंजाब को निवेश और उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
